महाराजा उम्मेद सिंह जी - 123 वीं जयन्ती समारोह
महाराजा उम्मेद सिंह जी के 123 वीं जयन्ती समारोह में मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के स्काउट, गाइड व एनसीसी स्टूडेन्ट ने दी सलामी
जोधपुर 08 जुलाई। आधुनिक मारवाड़ के निर्माता एवं कौमी एकता के प्रेरक स्वर्गीय महाराजा उम्मेद सिंह जी की 123वीं जयन्ती का समारोह शहर के मुख्य रेल्वे स्टेशन के समीप स्थित महाराजा उम्मेद सिंह स्मृति चौराहे पर महाराजा गजसिंह जी, हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई धर्म गुरूओं, जनप्रतिनिधियों, तीनों सेना के कमान्डरों, वरिष्ठजनों, आमजन की मौजूदगी एवं मौलाना आज़ाद विश्वविद्यालय के स्काउट, गाइड व एनसीसी छात्र-छात्राओं की सलामी के साथ सम्पन्न हुआ।
समारोह में मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी चैयरपर्सन मोहम्मद अतीक, मारवाड मुस्लिम एज्युकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य अफजल कुरैशी, सईद अहमद खिलजी, समाजसेवी साजिद खान जोधाणा, असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद इस्लाम, रेल्वे अधिकारीगण व शहर काजी परिवार के सदस्यगण, यूनिवर्सिटी से जुड़े लोग एवं विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजनों ने शिरकत की।
मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी स्काउट गाइड इंचार्ज डॉ. मरजीना बानो, एनसीसी इंचार्ज डॉ. अब्दुल्लाह खालिद के निर्देशन में समारोह में स्काउट गाइड व एनसीसी की सेवाएं प्रदान की गई।
कार्यक्रम उद्घोषक ने संचालन करते हुए स्वर्गीय महाराजा उम्मेद सिंह के कथन ‘हिन्दू मुस्लिम मेरी दो आंखे‘ को दोहराते हुए, स्वर्गीय महाराजा की ओर से सर्व समाज के लिए किये गये कल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।